Published on: 20 Mar 2026
हर्षोल्लास के साथ आईजीयू द्वारा 94वाँ काउंटडाउन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल का अभ्यास हुआ सम्पन्न।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के योग विभाग द्वारा आयुष मंत्रालय एवं मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 100 दिवसीय काउंटडाउन श्रृंखला के अंतर्गत 94वें दिन योग महोत्सव 2026 का आयोजन माननीय कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के कल्पना चावला सभागार में सकुशल सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह द्वारा की गई। प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने अपने उद्बोधन में व्यावहारिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को जीवन में योग को आत्मसात करने का आह्वान किया।
प्रोफेसर पंकज त्यागी, शोध निदेशक ने इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने योग विषय में शोध के विभिन्न आयामों से उपस्थित जनसमूह को अवगत कराया।
इसके पश्चात योग विभागाध्यक्ष डॉ. श्रुति ने कार्यक्रम के अध्यक्ष, सभी अतिथियों एवं सहभागियों का कार्यक्रम में पधारने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा योग विषय पर अपने विचार प्रकट किए।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सहायक प्राध्यापक डॉ. जयपाल सिंह राजपूत, डॉ. अमनदीप, डॉ. धर्मवीर यादव, श्री प्रवीण कुमार एवं योग इंस्ट्रक्टर श्री अमित कुमार ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह कार्यक्रम मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आयुष मंत्रालय द्वारा प्रायोजित था। प्रारंभिक रूप से इस कार्यक्रम के लिए रेवाड़ी के प्रसिद्ध रेजांगला मेमोरियल पार्क का चयन किया गया था। तदनुसार इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के योग विभाग द्वारा वहाँ भव्य आयोजन हेतु सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई, परंतु कार्यक्रम की पूर्व संध्या, दिनांक 18 मार्च 2026 को हुई मूसलाधार वर्षा एवं तूफान के कारण समस्त व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं तथा पार्क में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके उपरांत रात्रि में ही मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के ईश्वर एन. आचार्य जी से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया गया। उन्होंने परिस्थितियों को देखते हुए विश्वविद्यालय के किसी इनडोर स्थल पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति प्रदान की। तत्पश्चात विश्वविद्यालय के कल्पना चावला सभागार का चयन कर कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद भी 250-300 प्रतिभागियों ने हर्ष और उल्लास के साथ सामान्य योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया।
यह कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया गया- सामान्य योग प्रोटोकॉल तथा योग विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान।
प्रथम सत्र में सहायक प्राध्यापक श्री प्रवीण कुमार एवं योग इंस्ट्रक्टर श्री अमित कुमार द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया। इस सत्र में आईजीयू के योग विभाग के छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, विश्वविद्यालय के अन्य विभागों के छात्र-छात्राओं एवं शोधार्थियों तथा आईजीयू से संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ समाज के अन्य प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
द्वितीय सत्र में प्रसिद्ध योग विद्वानों द्वारा अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर प्रख्यात योग विशेषज्ञ फ्लोटिंग प्रोफेसर बलवीर आचार्य (महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक) ने योग के वर्तमान एवं व्यावहारिक परिप्रेक्ष्य में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
द्वितीय वक्ता के रूप में योग विशेषज्ञ डॉ. अजयपाल (सहायक प्राध्यापक, केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा) ने वर्तमान समय में योग के क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया।
तृतीय वक्ता के रूप में योग विशेषज्ञ डॉ. राम नारायण मिश्रा आभासी माध्यम से जुड़कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत एवं यौगिक जीवन के दृष्टिकोण पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
चतुर्थ वक्ता के रूप में डॉ. मनोज कुमार शर्मा (विभागाध्यक्ष, शासकीय पीजी कॉलेज, सीहोर, मध्यप्रदेश) ने “मानसिक तनाव में योग का प्रभाव” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए योग के विभिन्न आयामों एवं उसके वैज्ञानिक तथा व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डाला।
इन दोनों सत्रों का सफल संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. धर्मवीर यादव एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. अमनदीप द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन में सहायक प्राध्यापक एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. जयपाल सिंह राजपूत ने विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव, योग विभाग की विभागाध्यक्ष, सभी अतिथियों, विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों, मीडिया के बंधुओं तथा सभी प्रतिभागियों का कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।